नई दिल्ली. ED की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से दूसरे दिन भी पूछताछ जारी है। नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से इससे पहले 21 जुलाई को भी पूछताछ हो चुकी है। सोनिया से हो रही पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस पूरे देश में सत्याग्रह कर रही है। राहुल गांधी भी पार्टी सांसदों के साथ विजय चौक के पास धरने पर बैठे। राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. उनके एक बस में अकेले बैठाकर ले जाया गया है. कांग्रेस सांसद पार्लियामेंट से विरोध मार्च करते हुए राष्ट्रपति भवन तक जा रहे थे, जिसे दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध में काले गुब्बारे उड़ाए।
कांग्रेस महासचिव अजय माकन का आरोप है कि हमें प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। दिल्ली पुलिस कांग्रेस नेताओं को राजघाट भी नहीं जाने दे रही है। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है। संसद सत्र चलने की वजह से प्रदर्शन करने पर रोक लगी है. मुख्यालय के बाहर धारा 144 भी लागू कर दी गई है। कांग्रेस सांसद संसद के भीतर भी सोनिया गांधी से ED की पूछताछ का मुद्दा उठाएंगे। कांग्रेस ने इसको लेकर सोमवार को रणनीति तैयार कर ली थी।
इधर सूत्रों के मुताबिक पहले दिन ED ने सोनिया गांधी से करीब 25 सवाल पूछे हैं। सोनिया से पूछताछ के लिए ED ने 50 सवालों की लिस्ट तैयार की थी। हालांकि अधिकारियों ने स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें 3 घंटे की पूछताछ के बाद घर जाने को कह दिया था।