पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले ईडी की बड़ी छापेमारी जारी है. ईडी ने मंगलवार को अवैध बालू खनन मामले में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के रिश्तेदारों के यहां छापेमारी की. पंजाब में आज भी ईडी की छापेमारी जारी है. चरणजीत सिंह चन्नी के रिश्तेदार भूपिंदर सिंह हनी के मोहाली और अन्य जगहों के घर से 7.9 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं. सूत्रों ने बताया कि छापेमारी में अब तक कुल 9.9 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं.

इस बीच ईडी की छापेमारी में भूपिंदर सिंह हनी के घर से ही अब तक 3.9 करोड़ रुपये जब्त किए गए. ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि छापेमारी में कुल 10.7 करोड़ रुपये जब्त किए जा चुके है. ईडी ने मंगलवार को संबंधित कंपनियों द्वारा अवैध रेत खनन और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत पंजाब में कई जगहों पर छापे मारे' छापेमारी के कुछ घंटे बाद पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रतिक्रिया दी. चन्नी ने आरोप लगाया कि, चुनाव नजदीक इसलिए उनपर और मंत्रियों पर दबाव बनाया जा रहा है.

ईडी ने भूपिंदर सिंह उर्फ ​​हनी नाम के शख्स के ठिकानों पर छापेमारी की. हनी को मुख्यमंत्री चन्नी का रिश्तेदार बताया जाता है. हनी के कुदरतदीप सिंह नाम के शख्स से कथित अवैध रेत खनन की जांच ईडी कर रही है. चन्नी ने आरोप लगते हुए कहा कि, पश्चिम बंगाल में चुनाव के समय ममता बनर्जी के रिश्तेदारों को भी इसी तरह निशाना बनाया गया था. साथ ही ईडी अब पंजाब में दबाव बनाने की कोशिश कर रही है. मुख्यमंत्री चन्नी का आरोप है कि हर तरह का दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है.