पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के घर से ईडी को करीब 20 करोड़ नगद मिले हैं।  20 करोड़ रुपए के नोट गिनने के लिए मशीन के साथ बैंक के अधिकारियों को भी लगाया गया। अर्पिता मुखर्जी के घर से 20 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। ईडी ने पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग और पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड में भर्ती घोटाले की जांच के चलते  कार्रवाई को अंजाम दिया है। 

अर्पिता बांग्ला,ओडिया फ़िल्मों में छोटे-मोटे रोल कर चुकी है। अर्पिता बंगाल की मशहूर दुर्गा पूजा की ब्रांड एंबेसडर भी रही हैं। अर्पिता मुखर्जी बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार प्रोसेनजीत और जीत के लीड रोल वाली कुछ फिल्मों में भी साइड रोल कर चुकी हैं. इसके अलावा अर्पिता मुखर्जी ने बांग्ला फिल्म अमर अंतरनाड में भी अभिनय किया था। 

पार्थ चटर्जी फिलहाल पश्चिम बंगाल सरकार में कॉमर्स एंड इंडस्ट्री विभाग के मंत्री हैं। इससे पहले वो शिक्षा मंत्री थे। इसके साथ ही वो अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के पश्चिम बंगाल के महासचिव भी हैं। पार्थ चटर्जी का जन्म 6 अक्टूबर, 1952 को कोलकाता में हुआ था। उन्होंने एमबीए की डिग्री ली है। 70 साल के चटर्जी एंड्र्यू युले कंपनी में बतौर एचआर प्रोफेशनल काम कर चुके हैं।

कई घंटों की छापामार कार्रवाई में ईडी को 2 हजार और 500 के नोटों का ढेर मिला है। एजेंसी अब भी जांच में जुटी हुई है। ईडी ने अर्पिता मुखर्जी के घर के अलावा और भी कई ठिकानों पर छापा मारा है। इस लिस्ट में मंत्री पार्थ चटर्जी, शिक्षा मंत्री माणिक भट्टाचार्य, आलोक कुमार सरकार, कल्याण मॉय गांगुली जैसे लोगों के नाम शामिल हैं। इन सभी का नाम बंगाल शिक्षा भर्ती घोटाले में आ चुका है। 

अलग-अलग जगहों में तलाशी अभियान चला रहा है। फिलहाल इस पूरे विवाद से टीएमसी ने खुद को दूर कर लिया है। जो विवाद पार्टी और सरकार के लिए किरकिरी का सबब बन सकता है। इस  मुद्दे से बचने की जद्दोजहद शुरू.हो गयी है  लेकिन बंगाल में बीजेपी ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। बीजेपी नेता शुभेंदू अधिकारी ने ट्वीट कर कहा कि अर्पिता मंत्री की करीबी हैं।