दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की 'शराब नीति' के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज भी छापेमारी की है। मामले में ED ने मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया है। इससे पहले ईडी ने इस मामले में शराब कारोबारी समीर महेंद्रू को गिरफ्तार किया था। दिल्ली, पंजाब और हैदराबाद समेत देशभर के कुल 35 जगहों पर ये छापेमारी की जा रही है।

इन राज्यों में शराब बेचने वालों, वितरकों और सप्लाई चेन नेटवर्क के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। ईडी का ऑपरेशन तड़के शुरू हुआ, जब एजेंसी की टीमों को छापेमारी स्थलों के लिए मुख्यालय से निकलते देखा गया।

शराब नीति मामले में गिरफ्तार आप के संचार प्रभारी और व्यवसायी विजय नायर को कल गुरुवार को दिल्ली की एक अदालत ने दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। CBI ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में नायर को गिरफ्तार किया था, जिसमें उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी आरोपी हैं।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, नायर ने अन्य लोगों के साथ मिलकर एक आपराधिक साजिश रची है, जिसका एक हिस्सा दिल्ली सरकार की आबकारी नीति, 2021-2022 तैयार करके लागू किया गया था। अभियोजन पक्ष ने दावा किया है कि सरकार को धोखा देने और शराब निर्माताओं और उसके वितरकों को अनुचित और अवैध लाभ देने का इरादा था और इस नीति के परिणामस्वरूप सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हुआ।