Liquor Scam Case: दिल्ली के बाद अब पंजाब के मोहाली में आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक कुलवंत सिंह के सेक्टर 71 स्थित आवास और कार्यालय पर ईडी (ED) ने छापेमारी की है. विधायक के यहां कथित शराब घोटाले मामले में ED की तरफ से छापेमारी की गई है.

बता दें कि इसके अलावा पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और मोहाली में भी शराब के कारोबारियों के घर पर ईडी की छापेमार कार्रवाई चल रही है. दिल्ली के बाद अब ED की नज़र पंजाब के कथित शराब घोटाला मामले पर हैं. जिसको लेकर शिरोमणि अकाली दल के नेता का बड़ा बयान सामने आया.

पंजाब एक्साइज घोटाले में हुआ 550 करोड़ का भ्रष्टाचार- बिक्रम मजीठिया

कथित पंजाब शराब घोटाला मामले को लेकर कई बड़े ख़ुलासे करते हुए शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया ने ट्वीट में लिखा, दिल्ली और पंजाब के शराब घोटाले में आप विधायक कुलवंत सिंह पर ईडी ने छापेमारी की है. दिल्ली के सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को समन करने के बाद अब ईडी ने इस शराब घोटाले के पंजाब लिंक पर काम करना शुरू कर दिया है.

उन्होंने बड़ा दावा करते हुए आगे लिखा, पैसे उजागर करने के लिए यह कवायद जरूरी है. पंजाब एक्साइज घोटाले में 550 करोड़ का भ्रष्टाचार हुआ, जिसमें सीएम भगवंत मान, हरपाल चीमा मुख्य दोषी हैं और इसमें मुख्य लाभार्थी आम आदमी पार्टी है.