ED Raid: ईडी ने लगातार दूसरे दिन यानी गुरुवार को भी अतीक अहमद के करीबी माने जाने वाले लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की है. प्रयागराज समेत कई शहरों में छापेमारी की जा रही है. बुधवार को ईडी की टीम ने चार शहरों में अतीक अहमद के करीबियों के दो पंजीकृत आवास पर छापेमारी की है.

ईडी ने बुधवार को लखनऊ, प्रयागराज, नोएडा और दिल्ली में छापेमारी की थी. सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी में कंपनियों में लेनदेन से जुड़े हुए कई संवेदनशील दस्तावेज मिले हैं. इससे पहले ईडी ने अतीक अहमद और अशरफ की हत्या से पहले 12 अप्रैल को छापेमारी की थी. प्रयागराज में 12 अप्रैल को अतीक अहमद के वकील खान सौलत हनीफ, पूर्व विधायक व बिल्डर आसिफ जाफरी, बिल्डर संजीव अग्रवाल और माफिया अकाउंटेंट सीताराम शुक्ला समेत कई लोगों के यहां छापेमारी की थी.

आज रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े अतीक अहमद के करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. ईडी की यह कार्रवाई गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही. ईडी ने दो विदेशी मुद्रा नोट गिनने वाली मशीनों, लगभग 74 लाख रुपये नकद, लाखों के आभूषण और 200 से अधिक बैंक खातों का विवरण एकत्र किया.

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई जारी-

हालांकि, करीब 18 महीने पहले की गई एक कार्रवाई को छोड़कर ईडी अब भी अतीक अहमद के मामले में खामोश है. सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने प्रयागराज और लखनऊ समेत आधा दर्जन शहरों में अतीक की सौ करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का पता लगाया है. प्रयागराज, लखनऊ और नोएडा में अतीक की तीन बेनामी संपत्तियों की भी पहचान की गई है. ईडी जल्द ही इन संपत्तियों को सीज करने की तैयारी में है.