ED Raid: राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिज़ोरम में अगले महीने यानी नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं. इन पांचों राज्यों की चुनावी तारीखों का ऐलान भी हो गया है. तारीखों के ऐलान के बाद चुनावी राज्य राजस्थान में ईडी ने छापामार कार्रवाई की है. जिस पर अब सियासत शुरू हो गई है.
दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को ईडी कार्यालय में पेश होने का समन जारी किया है. तो वहीं दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के जयपुर स्थित आवास पर छापेमारी की है.
ईडी ने वैभव गहलोत को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम में कथित अनियमितताओं के मामले में पूछताछ के लिए 27 अक्टूबर को तलब किया गया है. वहीं, गोविंद सिंह के यहां छापेमारी पेपर लीक मामले में हो रही है. ख़बरों के मुताबिक, जयपुर के साथ-साथ यह छापेमारी सीकर में भी जारी है.
खड़गे ने कहा- BJP ने चला अपना आखिरी दांव
कांग्रेस ने ईडी की इस छापेमारी को चुनाव से जोड़कर बीजेपी पर निशाना साधा हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी पर तंज़ कसते हुए ट्विटर (X) पर लिखा, चुनाव आते ही ED, CBI, IT आदि भाजपा के असली 'पन्ना प्रमुख' बन जाते हैं. राजस्थान में अपनी निश्चित हार को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपना आखिरी दांव चला.
उन्होंने आगे लिखा, ED ने छत्तीसगढ़ के बाद राजस्थान में भी विधानसभा चुनाव अभियान में उतरते हुए कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. मोदी सरकार की तानाशाही लोकतंत्र के लिए घातक है. हम एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ते रहेंगे, जनता भाजपा को करारा जवाब देगी.