सोनिया गांधी आज पूछताछ के लिए फिर से ED के सामने पेश होंगी। 9 घंटे में अब तक सोनिया से 75 सवाल पूछे गए हैं। ED नेशनल हेराल्ड केस में आज भी सोनिया गांधी से सवाल-जवाब करेगी। आज लगातार तीसरे दिन भी ED की सोनिया से पूछताछ जारी रहेगी।

वहीं कांग्रेस आज फिर से पूरे देश में सत्याग्रह करेगी। सोनिया से 21 जुलाई को 3 घंटे की और 26 जुलाई को 6 घंटे की पूछताछ हो चुकी है। सोनिया गांधी ने पूछताछ के दौरान ED के सवालों का जवाब देते हुए कहा, कांग्रेस, एसोसिएट जर्नल और यंग इंडियन से जुड़े सभी लेनदेन पूर्व कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा देखते थे।

ED सूत्रों ने बताया कि 2 दिन की पूछताछ में सोनिया गांधी से 75 सवाल पूछे गए हैं। जिनमें से पहले दिन करीब 25 सवाल पूछे गए थे। मंगलवार को राहुल गांधी समेत कांग्रेस के 50 सांसदों को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। सोनिया से पूछताछ खत्म होने के बाद ही इन सांसदों को छोड़ा गया। सभी सांसदों को संसद के पास ही के विजय चौक पर विरोध-प्रदर्शन के कारण इसी दौरान हिरासत में लिया गया था।

हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल ने कहा- मोदी सरकार ने देश को पुलिस स्टेट बना दिया है। मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ED में पेशी को लेकर नेशनल हेराल्ड केस में दूसरे दौर की पूछताछ की जाने के कारण कांग्रेस ने देश भर में प्रदर्शन किया।

वहीं मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास को दिल्ली पुलिस के कुछ जवानों ने बालों से खींचकर पीटा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने एक्सन लेते हुए बयान जारी कर कहा कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। आज कांग्रेस ने सोनिया गांधी से ED की पूछताछ को देखते हुए कांग्रेस मुख्यालय में सभी बड़े नेताओं की मीटिंग बुलाई है।

वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में भी संसद भवन में सांसदों की एक मीटिंग होगी। हम आपको बता दे कि नेशनल हेराल्ड केस का मामला सबसे पहले भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने 2012 में उठाया था। अगस्त 2014 में ED ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। केस में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के ही मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडीज, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे को आरोपी बनाया गया था।