Hemant Soren ED Notice: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने एक बार फिर समन भेजा है. उन्हें मंगलवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. इससे पहले भी जांच एजेंसी 5 बार समन भेज चुकी हैं, लेकिन सोरेन ईडी के सामने पेश नहीं हुए.

हालांकि, अब ये छठा समन भेजा गया है. ईडी ने कथित रांची जमीन खरीद-बिक्री घोटाले की जांच और पूछताछ के लिए उन्हें समन भेजा है. झारखंड सीएम को कल यानी मंगलवार 12 दिसंबर को पेश होने का नोटिस मिला है.

इस नोटिस पर ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के मंगलवार को रांची में एजेंसी के जोनल कार्यालय में उपस्थित होने की उम्मीद है. जमीन घोटाले के संबंध में एजेंसी द्वारा सीएम सोरेन को छठा समन भेजा गया है. सोरेन राज्य के सीएम होने के अलावा सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं.

पिछले कुछ महीनों में सीएम सोरेन ने जांच एजेंसी के पांच समन को नजरअंदाज किया है. पांचवें समन को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती भी दी गई, जिसमें उन्हें हाई कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया गया था. 

इसके बाद सोरेन ने झारखंड हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जहां उनकी याचिका खारिज कर दी गई. जिसके बाद से सोरेन ने अभी तक कोर्ट के आदेश को चुनौती नहीं दी है.