मध्यप्रदेश में इन दिनों शराबबंदी का मुद्दा काफ़ी चर्चा में हैं। उमा भारती से लेकर कई संस्थाए तक प्रतिदिन शराबबंदी के लिए प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान चला रही हैं। प्रदेश में नई शराब नीति से कई लोग परेशान हैं। प्रदेश में बढ़ती शराब की दुकानों से कई दिक्कते सामने आने लगी हैं क्योंकि यह दुकाने शहर के बीचों-बीच या फिर किसी भी संस्था के काफ़ी करीब नज़र आने लगीं हैं। 

इन सभी मुद्दों की तरफ़ सरकार और समाज का ध्यान ले जानें के लिए एक शैक्षणिक संस्थान के छात्र कल हाथों में तख्तियां लेकर स्कूल के सामने चुपचाप धरना प्रदर्शन करने जा रहें है। जानकारी के अनुसार, F.R Agnel Co-ED सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोंडीपुरा गांधीनगर, भोपाल द्वारा कल धरना प्रदर्शन किया जायेगा।

स्कूल ने मीडिया एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि, हमारे स्कूल के सामने प्रतिबंधित दूरी के दायरे में शराब की दुकान आ गई है, आसपास के क्षेत्र में अन्य शैक्षणिक संस्थान और आवासीय कॉलोनियां भी हैं। शराब की यह दुकान स्कूल आने वाले युवा मन पर नकारात्मक प्रभाव डालेगी। इससे छात्रों विशेषकर महिलाओं और लड़कियों के लिए शराब की दुकान के सामने से गुजराना असुरक्षित भी हो सकता है। यह शराब की दुकान एक सार्वजनिक उपद्रव है। इसके खिलाफ़ स्कूली छात्रों और शिक्षकों द्वारा हाथों में तख्तियां लेकर स्कूल के सामने चुपचाप धरना प्रदर्शन किया जायेगा। मीडिया एडवाइजरी के अनुसार, यह धरना कल दिनांक 12.04.2022 को सुबह 9 बजे से शुरू होगा।

स्कूल की तरफ़ से जानकारी देते हुए बताया गया कि, बच्चों ने महामारी के दौरान बहुत कुछ झेला है और खोया है। जिस तरह लम्बें समय बाद उनके लिए स्कूल खुले हैं, उसी तरह स्कूल के सामने इस तरह की शराब की दुकान खोलना उनके लिए एक और झटका है। हर दिन स्कूल जाते समय लोगों को शराब पीते हुए देखना इन युवा जिज्ञासु दिमागों पर बुरा प्रभाव डालेगा। इसलिए हम शराब की दुकान बंद करने का विरोध कर रहें हैं।