Rajasthan Election 2023: बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज राजस्थान दौरे पर हैं. राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव होने है. ऐसे में अमित शाह ने उदयपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी के 9 साल पूरे होने पर एक महीने का देशव्यापी कार्यक्रम 'महाजनसंपर्क अभियान' चल रहा है.

इसके तहत अमित शाह आज राजस्थान के उदयपुर दौरे पर पहुंचे. उन्होंने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ये गहलोत जी खामखा में इस उम्र में इधर-उधर घूम रहे हैं. उन्हें कोई इस सभा का वीडियो दिखा दे तो उनको मालूम पड़ जाएगा कि उनकी सरकार के जाने का समय हो गया है. आज जो नजारा मेवाड़ की धरती पर मेरे सामने है वो बताता है कि 2023-24 में पूर्ण बहुमत की बीजेपी सरकार बनने जा रही है.

राजस्थान में प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी बीजेपी सरकार- शाह 

मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए अमित शाह बोले, मेवाड़ की ये भूमि त्याग-बलिदान और भक्ति की भूमि है. यह भूमि बीजेपी का गढ़ है और इसी भूमि से ही बीजेपी की विजय पताका निकलती है. गहलोत जी, 2023 में बीजेपी राजस्थान में जीत के सारे रिकॉर्ड तोड़ कर, प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है.

उन्होंने आगे कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में इन 9 सालों के दौरान करोड़ों किसानों को 6 हजार रुपया प्रतिवर्ष मिला है. जल जीवन मिशन के तहत हर गरीब के घर नल से जल पहुंचाने का काम मोदी जी ने शुरू किया है. मुफ्त अनाज देने का काम बीजेपी की सरकार कर रही है.

विरोधी मोदी पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा पाए- शाह 

कांग्रेस पर वार करते हुए अमित शाह ने कहा, कांग्रेस सरकार के दौरान केवल 90 एकलव्य विद्यालय थे लेकिन मोदी सरकार में 2014 से अब तक 500 से अधिक एकलव्य विद्यालय बनाए जा चुके हैं. हमने 30 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को छात्रवृति दी. प्रधानमंत्री मोदी के 9 साल भारत गौरव के 9 साल रहे हैं.

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने कहा, नरेंद्र मोदी सरकार पर आज तक हमारे विरोधी भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा पाए हैं. पटना में जुटने वाले अगर सत्ता में आए तो घपले-घोटाले भारत की नियति बन जाएंगे और अगर मोदी प्रधानमंत्री बने तो ये सारे भ्रष्टाचार करने वाले जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे.

गहलोत सरकार भ्रष्टाचार करने में नंबर.1 - शाह 

राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए अमित शाह बोले, गहलोत सरकार भ्रष्टाचार करने में नंबर-1 पर है. आज आपके पास ये हिसाब मांगने का मौका है कि राजस्थान सचिवालय के अंदर मिला दो करोड़ रुपया और एक किलो सोना किसका है? इस सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ने का काम किया है. गहलोत ने जितने वादे किए थे वो सब तोड़ दिए.

उन्होंने आगे कहा, कन्हैया लाल को सुरक्षा इन्होंने नहीं दी, जब तक वो मर गए तब तक आपकी पुलिस चुप रही. आप तो आरोपियों को पकड़ना भी नहीं चाहते थे, वो तो NIA ने पकड़ा. राजस्थान सरकार स्पेशल कोर्ट नहीं बनाती है, वरना तो अभी तक कन्हैया लाल के दोषियों को फांसी पर लटका चुके होते. इनको शर्म आनी चाहिए, ये वोटबैंक की राजनीति करते हैं.

राजस्थान में दंगा राज- शाह 

अमित शाह ने 3D के ज़रिये बताया कि गहलोत सरकार तीन D से घिरी हुई सरकार है- 3D यानी दंगा, महिलाओं से दुर्व्यवहार और दलितों पर अत्याचार. तीन D से घिरी हुई इस गहलोत सरकार को हमें उखाड़ कर फेंक देना है. यहां पर अब दंगा राज हो चुका है.