पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में हुई वोटिंग की गिनती अब शुरू हो गई है। ऐसे में जनता के बीच पांचों राज्यों में माहौल फ़िर से चुनावी हो गया है। जगह-जगह जहां पार्टी कार्यकर्ता तैनात हैं, वहीं पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा के लिहाज से कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है। उत्तर प्रदेश में 10 मार्च को मतगणना से पहले 70,000 सिविल पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 245 अर्धसैनिक कंपनियां और 69 पीएसई कंपनियां तैनात की गई हैं। यूपी के एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा है कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है। लखनऊ के पुलिस आयुक्त डी.के ठाकुर ने कहा, हमने पहले से ही सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए हैं। अधिकारी के अनुसार, स्ट्रांग रूम सुबह सात बजे चुनाव पर्यवेक्षकों और उम्मीदवारों की मौजूदगी में खुला है। साथ ही मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। लेकिन पहले से ही संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जाएगी।
वहीं, उत्तराखंड में भी वोटों की गिनती शुरू हों गई हैं। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि पांच राज्यों- यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर, पंजाब, गोवा विधानसभा चुनाव में हुई वोटिंग की गिनती से पहले ही सुरक्षा के लिहाज से तीन स्तरीय सुरक्षा परत बनाई गई है। साथ ही कुछ स्थानों पर सुरक्षा कारणों से धारा 144 लागू कर दी गई है और जुलूस पर भी रोक लगा दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि, मतगणना सभी जगह सुबह आठ बजे से शुरू हों गई है। साथ ही अधिकारियों को 3-4 चरणों का प्रशिक्षण भी दिया गया है। वोटों की गिनती के साथ ही चुनाव आयोग की मंजूरी मिलते ही मीडिया के लिए डेटा वाटर हेल्पलाइन ऐप पर जारी कर दिया जाएगा। सभी राज्यों में केन्द्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।