पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में महज अब कुछ ही घंटे बचें है। ऐसे में पांचों राज्यों में माहौल फ़िर से चुनावी हो गया है। स्ट्रांग रूम के बाहर जहां पार्टी कार्यकर्ता तैनात हैं, वहीं पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा के लिहाज से कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है। उत्तर प्रदेश में 10 मार्च को मतगणना से पहले 70,000 सिविल पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 245 अर्धसैनिक कंपनियां और 69 पीएसई कंपनियां तैनात की गई हैं।

पुलिस की कड़ी मौजूदगी, संवेदनशील इलाकों में की जा रही गश्त : 

यूपी के एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा है कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है। लखनऊ के पुलिस आयुक्त डी.के ठाकुर ने कहा, हमने ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए हैं। अधिकारी के अनुसार, स्ट्रांग रूम सुबह सात बजे चुनाव पर्यवेक्षकों और उम्मीदवारों की मौजूदगी में खुलेंगे। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। साथ ही संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जाएगी।

कानपुर पुलिस ने दिए सख्त आदेश :

कानपुर पुलिस के कप्तान को सख्त आदेश दिए गए हैं कि मतगणना के दिन कोई गड़बड़ी या हंगामा न हो। लेकिन अगर फ़िर भी कोई घटना होती है तो पुलिस को चेतावनी दी गई है कि मतगणना में बाधा डालने वाले से सख्ती से निपटा जाए।

हरिद्वार में सुरक्षा के कड़े इंतजाम : 

वहीं, उत्तराखंड में कल नतीजे घोषित किए जाएंगे। हरिद्वार के डीएम विनय शंकर पांडे ने कहा कि हरिद्वार में तीन स्तरीय सुरक्षा परत बनाई गई है। जिले में 11 विधानसभा सीटें हैं। सुरक्षा कारणों से धारा 144 लागू कर दी गई है और जुलूस पर रोक लगा दी गई है।

मतगणना में तीन स्तरीय सुरक्षा :

पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी एस. करुणा राजू ने कहा, मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। अधिकारियों को 3-4 चरणों का प्रशिक्षण दिया गया है। चुनाव आयोग की मंजूरी मिलते ही मीडिया के लिए डेटा वाटर हेल्पलाइन ऐप पर जारी कर दिया जाएगा। मतदान केंद्र पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।