चुनावी साल हो और नेताओं का जमावड़ा न लगे ये तो संभव ही नहीं हैं. भले ही तारीख़ अलग-अलग हो पर नेता दस्तक देंगे तो, जमावड़ा लगेगा ही ये तय मान लीजिये.
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भले ही अभी 8 महीने बाकी हो, पर बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. इसी सप्ताह कई बड़े नेताओं का कार्यक्रम भी तय हो गया हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तक एमपी में अलग-अलग जगहों पर दस्तक देने वाले हैं.
कमलनाथ के गढ़ में शाह की हुंकार-
सबसे पहले अमित शाह 25 मार्च को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से विधान सभा व लोक सभा चुनाव का शंखनाद करेंगे. इसके लिए बीजेपी ने तैयारी तेज़ कर दी हैं. वैसे, कमलनाथ के गढ़ में शाह क्या चुनावी हुंकार भरेंगे ये देखने लायक होगा?
चुनाव से पहले, नड्डा का भोपाल दौरा-
तो वहीं ठीक अगले दिन 26 मार्च को जेपी नड्डा भोपाल आ रहे हैं. नड्डा राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे. फिर उसके बाद भोपाल में ही बनने वाले भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय पंडित दीनदयाल परिसर भवन निर्माण का भूमिपूजन भी करेंगे.
नड्डा के बाद पीएम मोदी और राजनाथ सिंह का भोपाल दौरा-
फिर उसके बाद 31 मार्च को राजनाथ सिंह जबकि एक अप्रैल को पीएम मोदी भोपाल आ रहे हैं. बता दें कि दोनों ही नेता सेना की अहम बैठक में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंचेंगे. इस बैठक में तीनों सेनाओं के अध्यक्ष भी शामिल होंगे. यानी चुनावी राज्य एमपी में राष्ट्रीय नेतृत्व का आने-जाने का सिलसिला शुरू हुआ, जो चुनाव तक जारी रहने वाला हैं.