भोपाल : चार साल पहले सतपुड़ा टाईगर रिजर्व से आदिवासियों का एक गांव हटाया गया तथा इसे नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र में बाबई के पास राजस्व भूमि पर बसाया गया तथा अब यह मालिनी गांव के नाम से जाना जाता है तथा इसे राजस्व ग्राम का दर्जा भी मिल गया है।

करीब पन्द्रह सौ आदिवासियों की जनसंख्या वाले इस गांव में निर्बाध बिजली देने के लिये अब 4 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से 33 केवी विद्युत सब स्टेशन बनाया जा रहा है। इसके लिये धन राशि वन विभाग ने बिजली विभाग को मुहैया कराई है। बिजली विभाग ने अब इसका कार्यादेश भी जारी कर दिया है।

उक्त सब स्टेशन के बनने से मालिनी गांव के साथ-साथ आसपास के करीब 26 गांवों को भी निर्बाध बिजली मिल सकेगी। दरअसल मालिनी गांव में विद्युत सब स्टेशन बनाने के लिये सोहागपुर के भाजपा विधायक विजसपाल सिंह ने वर्ष 2020 में सीएम से आग्रह किया था तथा सीएम ने भी इसे स्वीकार कर वन विभाग को अपेक्षित राशि उपलब्ध कराने के लिये कहा था। अब वन विभाग ने यह राशि लघु वनोपज संघ के माध्यम से बिजली विभाग को उपलब्ध करा दी है।