एलन मस्क को अब ट्विटर के दिवालिया होने का डर सता रहा है। दुनिया के सबसे अमीर आदमी एलन मस्क सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर के मालिक बन गए हैं। तभी से वे काफी चर्चा में है। अब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एलन को ट्विटर के दिवालिया होने की चिंता सताने लगी है। यह बात उन्होंने खुद अपने कर्मचारियों को एक मीटिंग के दौरान बताई थी। आपको बता दें कि एलन मस्क टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी दिग्गज कंपनियों के भी मालिक हैं।
ट्विटर के मामले को लेकर मस्क ने एक कर्मचारी को फोन पर बताया कि वह सोशल मीडिया कंपनी के दिवालिया होने की बात से इंकार नहीं कर सकते। इस बात की पूरी संभावना है कि भविष्य में ट्विटर दिवालिया हो सकता है। मालूम हो कि महज 2 हफ्ते पहले ही मस्क ने 44 अरब डॉलर की बड़ी रकम चुकाकर ट्विटर को खरीद लिया था।
एलोन मस्क ने कंपनी के दिवालिया होने के कई कारण बताए हैं, जिनमें से सबसे प्रमुख ट्विटर के अधिकारियों का जाना है, जिन्हें वे भविष्य में कंपनी की अगुवाई करने के लिए देख रहे थे। इसके साथ ही अमेरिकी रेगुलेटर से कई बार चेतावनियां भी मिल चुकी हैं। वहीं क्रेडिट एक्सपर्ट का कहना है कि ट्विटर अभी आर्थिक संकट में है। मस्क को डर है कि उनकी कंपनी को अगले साल तक अरबों डॉलर का नुकसान हो सकता है।
ट्विटर के दो और अधिकारी येल रोथ और रॉबिन व्हीलर ने इस्तीफा दे दिया है। दोनों अधिकारी विज्ञापनदाताओं के सवालों और चिंताओं को दूर करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन दोनों के एक साथ कंपनी छोड़कर चले जाने से कंपनी की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। इससे पहले गुरुवार को ट्विटर की मुख्य सुरक्षा अधिकारी लिआह किस्नर ने भी ट्वीट कर कंपनी छोड़ने की जानकारी दी थी। इतना ही नहीं, कंपनी के चीफ प्राइवेसी ऑफिसर डेमियन कैरन और चीफ कंप्लायंस ऑफिसर मैरियन फोगार्टी ने भी इस्तीफा दे दिया है।