डेढ़ महीने में डेढ़ सौ करोड़ जुटाने उतरेगी टीम भाजपा..
भोपाल: भाजपा ने कल से पूरे सूबे में भाजपा समर्पण निधि का अभियान पूरी ताकत से शुरू करने की तैयारी कर ली है। वजह यह कि भाजपा पिछले तीन सालों से समर्पण निधि का लक्ष्य प्राप्त नहीं करपा रही है। पार्टी ने इस बार डेढ़ सौ करोड़ रुपये एकत्र करने का लक्ष्य रखा है। जिसे डेढ़ महीने में जुटाया जाएगा।

इस कार्य के लिए सभी जिलों में प्रभारी भी नियुक्त कर दिए, गए हैं। पार्टी ने साफ किया है कि उसके सभी विधायक सांसद और मंत्रियों को भी समर्पण निधि अभियान में मदद करनी होगी। पार्टी ने राशि एकत्र करने के मामले में पारदर्शिता के लिहाज से सौ से एक हजार रुपये तक के कूपन तैयार किए हैं।
बीते डेढ़ दशक से ज्यादा समय मप्र की सत्ता में रही भाजपा अपने संगठन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह सारे जतन कर रही है। इस अभियान की समिति में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य सदस्य बनाये गये है।
मंत्रियों को तीन-तीन जिले..
भाजपा ने सरकार के सभी मंत्रियों को भी जिले सौंपे हैं। मसलन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के पास उनका निर्वाचन क्षेत्र दतिया के अलावा इंदौर नगर तथा इंदौर ग्रामीण है। गोपाल भार्गव को जबलपुर नगर- ग्रामीण एवं निवाड़ी वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा को उज्जैन नगर- ग्रामीण व राजगढ़ भूपेन्द्र सिंह को भोपाल नगर ग्रामीण व होमटाउन सागर मिला है, जबकि विश्वास सारंग के पास टीकमगढ़ और श्योपुर की जवाबदारी है।
जिलेवार भी धन-संग्रह का लक्ष्य..
बताया जाता है कि भाजपा हर जिले के लिए भी समर्पण राशि का लक्ष्य तय कर रही है। जिले के आकार प्रकार के हिसाब से यह लक्ष्य होगा। इसी क्रम में भाजपा ने 11 फरवरी को समर्पण दिवस मनाना तय किया है। इस दिन से पार्टी आजीवन सहयोग निधि का अभियान प्रारंभ करेगी।
जानकारों का कहना है कि भाजपा ने पहले इसका लक्ष्य सौ करोड़ रुपये तय किया था लेकिन अब इसे बढ़ाकर डेढ़ सौ करोड़ कर दिया गया है। इसके लिए संगठन ने नेताओं को जिलों का प्रभार भी सौंप दिया है। अनिल जैन कालूहेड़ा को समर्पण निधि संग्रह अभियान का प्रदेश प्रभारी हैं।