अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। मौके पर तत्काल पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है। कश्मीर संभाग के अनंतनाग जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। कहा जा रहा है कि सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया है। अब तक जवानों ने दो आतंकियों को मार गिराया।

आतंकियों ने किया हमला- 

इससे पहले सोमवार को अनंतनाग के इमाम साहेब इलाके में एसओजी कैंप पर आतंकियों ने हमला किया था। देर रात आतंकियों ने एसओजी कैंप को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी थी। जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

छिपे हुए आतंकियों ने जवानों पर की फायरिंग-

इस बीच दक्षिण कश्मीर के शोपियां में सोमवार देर शाम सुरक्षाबलों की आतंकियों से झड़प हो गई। पुलिस ने बताया कि पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने शोपियां जिले के बसकुचन इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को देखते ही छिपे हुए आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने बार-बार आतंकियों से सरेंडर करने को कहा, लेकिन आतंकी नहीं माने और फायरिंग करते रहे। पुलिसकर्मियों की जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए।

अपहरण के बाद आतंकी के भाई की हत्या-

जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर आशिक नेनगुरु के भाई की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलियों से छलनी उसका शव सोमवार सुबह सेब के एक बाग में मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर छानबीन की, ताकि अपहरणकर्ताओं और आतंकियों की शिनाख्त हो सके। पुलिस ने बताया कि नारापोरा गांव के लोगों ने सुबह सेब के बगीचे में शव पड़ा देखा। इस बारे में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके की जांच की तो पता चला कि युवक के शरीर पर गोली के निशान हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।