जे रूट और जॉनी बेयरस्टो के शतक और दोनों के बीच 269 रनों की साझेदारी से इंग्लैंड ने टीम इंडिया के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज़ की है। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज भी 2 -2  से बराबर कर ली। इंग्लैंड को यह मुकाबला जीतने के लिए 378 रन बनाने थे जो उसने तीन विकेट खोकर ही बना लिए। 

मुकाबले के पांचवे दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 119 रन और बनाना थे जो कल के नाबाद बल्लेबाज़ जे रूट और जॉनी बेयरस्टो ने पहले सत्र में ही बना डाले। यह लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की सबसे बड़ी जीत है। जे रूट 142 और जॉनी बेयरस्टो 114 रन बनाकर नॉट आउट रहे। 

टीम इंडिया ने इंग्लैंड को जीत के लिए 378 रनों का टारगेट दिया था। मैच के चौथे दिन टीम इंडिया की दूसरी पारी 245 रनों पर सिमट गई थी और इंग्लैंड ने तीन विकेट खोकर 259 रन बना कर जीत की ओर कदम बढा दिए थे। 

दूसरी पारी में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन चेतेश्वर पुजारा ने बनाये। उन्होंने 66 रनों की दमदार पारी खेली। साथ ही पहली पारी के हीरो ऋषभ पंत ने भी 57 रन बनाये। विराट कोहली दूसरी पारी में भी असफल रहे और केवल 20 रन ही बना सके। इंग्लैंड के लिए कप्तान बेन स्टोक्स ने 4 विकेट लिए।  

इससे पहले ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा के शानदार शतकों की दम पर टीम इंडिया ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। इससे पहले कभी भी भारतीय टीम बर्मिंघम के मैदान पर 400 रन नहीं बना पाई थी। वहीं इंग्लैंड की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई थी। 

अब इस टेस्ट में टीम इंडिया के जीतने की उम्मीद बंध गई है क्यूंकि इस मैदान पर 250 से ज्यादा रनों का टारगेट सिर्फ एक बार हासिल किया जा सका है। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने ये कारनामा 14 साल पहले 2008 में किया था।