इंग्लैंड टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुँचने वाली दूसरी टीम बन गई है। इंग्लैंड ने श्रीलंका पर 4 विकेट से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं इंग्लैंड की जीत के साथ मेज़बान ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया। ग्रुप-1 से न्यूजीलैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुँच चुका है।
ग्रुप-1 के सुपर-12 के इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने इंग्लैंड को 142 रनों का लक्ष्य दिया था, इस स्कोर को इंग्लिश टीम ने 2 गेंदें शेष रहते 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड और इंग्लैंड दोनों के ही सात पॉइंट थे लेकिन रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड ग्रुप में शीर्ष पर रहा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर बोर्ड पर 141 रन बनाये। सलामी बल्लेबाज निसंका ने ने 45 गेंदों पर 2 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 67 रनों की पारी खेली। निसंका के अलावा भानुका राजपक्षे (22) ही 20 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रहे। इंग्लैंड के लिए मार्कवुड ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए।
142 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जोस बटलर और ऐलेक्स हेल्स ने इंग्लैंड को धमाकेदार शुरुआत दी थी। पावरप्ले में इंग्लैंड ने बिना विकेट खोए 70 रन जोड़े थे। इंग्लैंड को पहला झटका बटलर के रूप में 75 के स्कोर पर लगा। बटलर 28 के निजी स्कोर पर हसरंगा का शिकार बने।
इसके बाद इस लेग स्पिनर ने हेल्स को 47 के निजी स्कोर पर आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका 10वें ओवर में दिया। इंग्लैंड को तीसरा और चौथा झटका क्रमश: ब्रुक्स (4) और लिविंगस्टोन (4) के रूप में लगा। 111 रन पर 5 विकेट खोने के बाद इंग्लैंड के लिए एक बार फिर बेन स्टोक्स संकट मोचक बने और 42 रनों की पारी खेल उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाई।