पांचवें टेस्ट में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को जीत के लिए 378 रनों का टारगेट दिया है। मैच के चौथे दिन टीम इंडिया की दूसरी पारी 245 रनों पर सिमट गई। पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर अब इंग्लैंड को यह मुकाबला जीतने के लिए 378 रन बनाना होगा। भारत के लिए दूसरी पारी में ऋषभ पंत और चेतेश्वर पुजारा ने अर्धशतकीय पारी खेली। 

दूसरी पारी में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन चेतेश्वर पुजारा ने बनाये। उन्होंने 66 रनों की दमदार पारी खेली। साथ ही पहली पारी के हीरो ऋषभ पंत ने भी 57 रन बनाये। विराट कोहली दूसरी पारी में भी असफल रहे और केवल 20 रन ही बना सके। इंग्लैंड के लिए कप्तान बेन स्टोक्स ने 4 विकेट लिए।  

इससे पहले ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा के शानदार शतकों की दम पर टीम इंडिया ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। इससे पहले कभी भी भारतीय टीम बर्मिंघम के मैदान पर 400 रन नहीं बना पाई थी। वहीं इंग्लैंड की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई थी। 

अब इस टेस्ट में टीम इंडिया के जीतने की उम्मीद बंध गई है क्यूंकि इस मैदान पर 250 से ज्यादा रनों का टारगेट सिर्फ एक बार हासिल किया जा सका है। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने ये कारनामा 14 साल पहले 2008 में किया था। तब दक्षिण अफ्रिका ने चौथी पारी में 283 रन बनाकर मैच जीता था लेकिन इस इतिहास को बदलने के लिए इंग्लैंड को 378 रन बनाना होगा जो मुश्किल साबित हो सकता है।