भोपाल: प्रदेश के वन विभाग के अंतर्गत आने वाले नेशनल पार्कों एवं टाईगर रिजर्व में इस साल प्रवेश शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की जायेगी। अगले वित्त वर्ष 2025-26 में यह प्रवेश शुल्क दस प्रतिशत बढ़ाया जायेगा। अगले तीन साल बाद पुनः प्रवेश शुल्क में दस प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। यह नया प्रावधान वन विभाग ने किया है तथा इसे अंतिम मंजूरी के लिये वित्त विभाग के पास भेजा है। 

इसके अलावा, वन विभाग ने इस साल वन विहार भोपाल, रालामंडल इंदौर एवं मुकुन्दपुरा सतना में प्रवेश शुल्क में इसी साल से 5 रुपये की वृद्धि की है और इनमें भी तीन साल बाद प्रवेश शुल्क में दस प्रतिशत की वृद्धि होगी। इसे भी वित्त विभाग के पास मंजूरी के लिये भेजा गया है। चूंकि वन विभाग के इस प्रस्ताव में आय में वृद्धि होना है, इसलिये वित्त विभाग द्वारा इसमें सहमति दिये जाने की संभावना है।