Covid New Variant: दुनिया में तबाही मचाने वाले कोरोना वायरस के नए वेरिएंट का डर अब एक बार फिर से सभी की चिंताए बढ़ाने लगा हैं. भारत में भी कोरोना का नया वेरिएंट फैलना शुरू हो गया है, जिसमें केरल में कोरोना के नए वेरिएंट के कारण दो लोगों की मौत हो गई.
स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट -
सूत्रों के मुताबिक, केरल के कोझिकोड जिले के वट्टोली के 77 वर्षीय कलियाट्टुपरमबथ कुमारन और कन्नूर जिले के पनूर के 82 वर्षीय पलक्कंडी अब्दुल्ला की कोरोना के नए वेरिएंट से मौत हो गई है.
इसके चलते राज्य स्वास्थ्य विभाग ने पूरे प्रदेश में इस वायरस को लेकर अलर्ट घोषित कर दिया है. इसके अलावा केरल के पड़ोसी राज्य तमिलनाडु और कर्नाटक में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है. सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखा गया है.
इन मौतों के बाद लैब परीक्षणों से पुष्टि हुई कि उनकी मौत का कारण कोविड का नया वेरिएंट JN.1 ही था. इसके अलावा खांसी और सांस लेने में तकलीफ के कारण एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए अब्दुल्ला की इलाज के दौरान कोविड संक्रमण के कारण ही जान गई.
केरल में मिला कोविड का नया वेरिएंट-
देश के दक्षिणी राज्य केरल में कोविड का सब-वेरिएंट जेएन.1 (Covid Sub-variant JN.1) पाया गया है. पिछले सप्ताह तिरुवनंतपुरम जिले के काराकुलम से एक RTPCR सकारात्मक नमूने में उप संस्करण का पता चला था. 18 नवंबर को 79 वर्षीय महिला के नमूने की RTPCR जांच की गई और वह संक्रमित पाई गई. महिला में इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी के हल्के लक्षण थे. हालांकि, ये महिला कोविड से ठीक भी हो गई थी.
सूत्रों के मुताबिक, सिंगापुर में एक पर्यटक कोविड-19 के सब-वेरिएंट जेएन.1 से संक्रमित पाया गया था. यह शख्स तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले का रहने वाला है और अक्टूबर में सिंगापुर गया था. सबसे पहले कोविड-19 का सब वेरिएंट JN.1 एक यूरोपीय देश में रिपोर्ट किया गया था और फिर यह वेरिएंट कई देशों में फैल गया.
देश में कोविड के कितने मामले?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के कल तक के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोविड मामलों की कुल संख्या में 339 नए मामलों की वृद्धि हुई है. इस तरह देश में सक्रिय मामलों की संख्या 1492 हो गई है. कोविड से मरने वालों की संख्या 5,33,311 हो गई है.
भारत में अब तक 4,50,04,481 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से 4,44,69,678 लोग ठीक भी हो चुके हैं और रिकवरी रेट 98.81 फीसदी तक पहुंच गया है.