Bhopal. राज्य सरकार ने नया स्टेट प्लेन खरीदने के लिये विमान निर्माता कंपनियों से एक्सप्रेशनल ऑफ इन्ट्रेस्ट जारी कर दिया है. इसके ऑफर आगामी 27 जनवरी को खोले जायेंगे. इस बार जेट प्लेन खरीदा जायेगा जोकि जिसमें आठ से दस यात्री बैठ सकेंगे तथा दो पायलट की जगह होगी.
उल्लेखनीय है कि पिछला स्टेट प्लेन जोकि प्रापुलर वाला था, गत वर्ष मई माह में ग्वालियर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. यह प्लेन अब मरम्मत योग्य भी नहीं रहा है. यही वजह है कि राज्य सरकार अब नया जेट प्लेन खरीदने जा रही है. पिछला प्लेन अमेरिका से खरीहदा गया था तथा इस बार इसे फ्रांस से खरीदे जाने की संभावना है क्योंकि जेट प्लेन वहीं निर्मित होते हैं. अगले वित्त वर्ष के आम बजट में इस नये प्लेन को खरीदने के लिये राशि का प्रावधान किया जायेगा जोकि करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये होगी.

*दो पायलटों को मिला आरोप-पत्र *
इधर मई 2021 में ग्वालियर में दुर्घटनाग्रस्त स्टेट प्लेन के मामले में इसे उड़ा रहे दो सरकारी पायलटों केप्टन माजिद खान एवं को-पायलट शिव जायसवाल को राज्य के विमानन विभाग ने आरोप-पत्र जारी कर दिया है. इसमें कहा गया है कि दोनों की लापरवाही के कारण साठ करोड़ रुपये का स्टेट प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हुआ. इस आरोप-पत्र का दोनों पायलटों ने जवाब दे दिया है तथा अब विमानन विभाग के सचिव इस पर सुनवाई करेंगे. ज्ञातव्य है कि केंद्र सरकार के डीजीसीए ने उक्त दुर्घटना पर दोनों पायलटों के लायसेंस को एक वर्ष के लिये निलम्बित किया हुआ है तथा राज्य सरकार ने इन दोनों को सेवा से सस्पेंड भी किया हुआ है. मई 2022 में इन दोनों पायलटों के लायसेंस निलम्बन की अवधि खत्म होगी जिससे वे पुन: विमान उड़ाने के लिये अधिकृत हो जायेंगे.

उल्लेखनीय है कि ग्वालियर के जिस एयरफोर्स हवाई अड्डे पर पहले वाला स्टेट प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, उस मामले में एयरफोर्स ने भी अपने कुछ कर्मियों को सस्पेंड किया था जिन्हें बाद में बहाल कर दिया गया.