ईओडब्ल्यू की टीम ने जबलपुर में परिवहन विभाग के एआरटीओ पर शिकंजा कसा है। उनका रहन सहन,मकान देख कर खुद ईओडब्ल्यू की टीम भौचक है। हजार वर्ग फीट पर बने मकान में ऐशोआराम के तमाम इंतजाम मिले हैं। टीम को एआरटीओ संतोष पॉल और उनकी क्लर्क पत्नी रेखा पॉल की आय से 650 अधिक संपत्ति मिली है। इनके दस्तावेज और अन्य पहलुओं की टीम जांच कर रही है।
हालांकि संभावना है कि पॉल को ईओडब्ल्यू के छापे की भनक लग गई थी, इसलिए उन्होंने कुछ बेशकीमती सामान दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया। उनकी पत्नी रेखा पॉल भी घर में नहीं मिली। बता दें, रेखा पॉल आरटीओ ऑफिस में ही क्लर्क है। आज सुबह से ईओडब्ल्यू की टीम संतोष पॉल के कई संपत्ति की छानबीन कर रही है।
आज टीम को 16 लाख रुपए नकद और सोने चांदी के जेवर मिले हैं। उनके शताब्दीपुरम स्थित घर में बेसमेंट के अलावा तीन माले भी हैं। आर्थिक अपराध प्रकोष्ट को प्राप्त शिकायत का सत्यापन निरीक्षण स्वर्णजीत सिंह धामी से कराया गया था बेसमेंट वाले तीन मंजिला आलीशान घर में सारा सामान लग्जरी है। घर में लिफ्ट से लेकर महंगी शराब रखने का वुडन केस, गार्डन, स्विमिंग पूल, झूमर सहित बेहद कीमती सामान मिला है। वहीं आज एआरटीओ के बैंक लॉकर बैंक खातों के बारे में भी खुलासा हो सकता है।
काफी संपत्ति कर दी शिफ्ट
माना जा रहा है कि संतोष पॉल को छापे की भनक पहले ही लग चुकी थी। इसके बाद वे कुछ लग्जरी सामान को दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे थे। इसी कारण ईओडब्ल्यू की 30 सदस्यों की टीम को देर रात में ही छापामार कार्रवाई शुरू करनी पड़ी। हालांकि कौन सा सामान कहां भेजा गया है, इसकी जानकारी भी ईओडब्ल्यू की टीम जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत का कहना है कि सर्चिंग अभी जारी है। संपत्ति, दस्तावेज के जो भी साथ में लेंगे उनके आधार पर आरोपित की संपत्ति का आकलन किया जाएगा। एआरटीओ संतोष पॉल व एआरटीओ कार्यालय में लिपिक उनकी पत्नी रेखा पॉल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
.jpg)
करोड़ों की प्रॉपर्टी, घर व फार्म हाउस-होम थिएटर
ईओडब्ल्यू को जांच के दौरान आरटीओ के पीपी कॉलोनी ग्वारीघाट में 1247 वर्ग फीट के घर के दस्तावेज मिले हैं. इसी प्रकार शंकर शाह वार्ड में 1150 वर्ग फीट, शताब्दीपुरम (एमआर फोर रोड) पर 10 हजार वर्ग फीट के दो आवासीय भवन, कस्तूरबा गांधी वार्ड में 570 वर्ग फीट और गढ़ा फाटक में 771 वर्ग फीट के घर के अलावा ग्राम दीखाखेड़ा, चरगवां रोड पर 1.4 एकड़ भूमि पर बने फार्म हाउस की जानकारी भी मिली है। जांच के दौरान ही आरटीओ द्वारा क्रय की गयी आई-20 कार (क्रमांक एमपी 20 सीबी 5455), स्कॉर्पियो (क्रमांक एमपी 20 एचए 8653), पल्सर बाइक (क्रमांक एमपी 20 एनएफ 2888) एवं बुलेट (क्रमांक एमपी 20 एमएसजेड 5455) के दस्तावेज भी मिले हैं। यानी एआरटीओ के पास अकूत संपत्ति मिली है।