प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को जनमन अभियान के तहत अलग-अलग राज्यों की महिलाओं से बात की। इस दौरान शिवपुरी के हातोद गांव की ललिता सहरिया आदिवासी से भी पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंस पर बात की। 

सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी मिलने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सवाल के जवाब पर ललिता ने जिस धाराप्रवाह में उत्तर दिए उससे खुद PM मोदी भी अभिभूत नज़र आये। यहाँ तक कि पीएम ने ललिता से कहा कि आप सुपर फास्ट बोलते जा रही हैं। इतना तो हम भी नहीं बोल सकते।

ललिता ने PM मोदी को बताया कि किस तरह केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का वह, उसका परिवार और गाँव लाभ ले रहे हैं। ललिता ने पक्के घर का सपना पूरा होने पर PM मोदी का आभार जताया और कहा कि आपका धन्यवाद जो आपने हमारे बारे में सोचा।

पीएम ने पूछा कि आपको पीएम आवास योजना के बारे में कैसे पता चला। ललिता ने कहा- मेरे घर में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, लाड़ली बहना, हमारे यहां नल-जल योजना आदि का लाभ मिला है। आज आपसे बात करके खुश हूं। मोदी बोले- मुझे भी अच्छा लगा और मैं आपसे बात करके प्रभावित हो गया।

प्रधानमंत्री ने पीएम जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के 1 लाख लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की। हातोद के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री विजय शाह, सांसद केपी यादव, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, करैरा विधायक रमेश खटीक और पाठ्यपुस्तक निगम उपाध्यक्ष प्रहलाद भारती मौजूद रहे।