विधानसभा चुनाव 2022 के एग्जिट पोल आ गए है। साफ है कि भारतीय जनता पार्टी यूपी में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी लेकिन यह एग्जिट पोल विपक्ष को रास नहीं आ रहा है। तो वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने एग्जिट पोल को खारिज कर दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन 300 से ज्यादा सीटें जीतने वाला हैं। वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा है कि हम इंतजार करेंगे और परिणाम देखेंगे।
यूपी में कौन राज करेगा ये 10 मार्च को साफ हो जाएगा, लेकिन माय इंडिया एग्जिट पोल में बीजेपी यूपी में 288-326 सीटें जीत सकती है। वहीं, सपा और गठबंधन को 71-101 सीटें मिलने की उम्मीद है। लेकिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी गठबंधन के साथ 300 सीटें जीत रही है।
अखिलेश यादव ने एग्जिट पोल पर दिया यह बयान ?
अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्वांचल की जनता ने अंतिम चरण में भाजपा का सफाया कर दिया है। सपा और गठबंधन सभी चरणों को मिलाकर बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं 2017 और 2019 को भूल गया। इस बार लोगों ने बुनियादी मुद्दों, बेरोजगारी और गरीबी को भी उठाया। यह पूछे जाने पर कि यूपी के सीएम बनने पर वह क्या करेंगे, अखिलेश ने कहा कि उन्हें कोई जल्दी नहीं है। हमें 10 मार्च तक इंतजार करना चाहिए ।
हमने कड़ा संघर्ष किया, हमें 10 मार्च तक इंतजार करना होगा : प्रियंका
एग्जिट पोल के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'हम जितनी मेहनत कर सकते थे, उतनी हमने और हमारी पार्टी ने की है। लेकिन अब हम 10 मार्च का इंतजार कर रहे हैं और परिणाम से सब साफ़ हो जाएगा।
एक्जिट पोल भ्रामक और अविश्वसनीय : शिवपाल
उधर प्रोग्रेसिव सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने एग्जिट पोल को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। उन्होंने एग्जिट पोल में कहा कि दिखाई जा रही तस्वीर आभासी, भ्रामक और अविश्वसनीय है। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके पीछे की मंशा से जनता अच्छी तरह वाकिफ है। आगे कहा कि समाजवादी गठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है। मतगणना तक प्रत्याशी व कार्यकर्ता सतर्क व सक्रिय रहें। 10 मार्च को सफलता आपका इंतजार कर रही है।