अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक मस्जिद में बड़ा बम धमाके में करीब 20 लोगों की मौत की खबर है। धमाके में करीब 40 लोग घायल हुए हैं। धमाका बुधवार शाम नमाज के समय खैर- खाना इलाके में मौजूद मस्जिद के अंदर हुआ। धमाके में मस्जिद के इमाम की मौत हो गई है।

 पुलिस का धमाके के बारे में कहना है कि फिलहाल मरने वाले और घायल लोगों की संख्या के बारे में कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। वहीं एक तालिबान अफसर ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि धमाके में करीब 35 से 40 लोग घायल हो गए हैं।

धमाके पर काबुल के इमरजेंसी हॉस्पिटल ने ट्वीट कर बताया कि धमाके में घायल कुल 27 लोगों को भर्ती कराया गया है, जिसमें से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। 


जानकारी के मुताबिक, ये इसके अलावा अल जजीरा ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि इस धमाके में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं, जिनकी संख्या में इजाफा हो सकता है। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि मस्जिद के आस- पास के इलाके के घरों के शीशे टूट गए और धमाके की आवाज उत्तरी काबुल में काफी दूर तक सुनाई दी। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धमाके को  एक आत्मघाती हमलावर के जरिए अंजाम दिया गया है।