भोपाल। राज्य के जल संसाधन विभाग के अंतर्गत आने वाले वृहद परियोजना नियंत्रण मंडल ने छिंदवाड़ा प्लस डेव्हलपर्स लिमिटेड को जिला छिंदवाड़ा में प्रस्तावित मल्टी प्रोडक्ट स्पेशल इकोनॉमिक जोन के लिए कन्हान नदी एवं गोंडीबडोना बांध से आवंटित जल के उपयोग की तिथि बढ़ा दी है।
इस कंपनी को गत 8 फरवरी 2016 को कुल 9.942 मिलियन घनमीटर वार्षिक जल आवंटित किया गया था। परन्तु कंपनी इस जल का निर्धारित समय तक उपयोग नहीं कर पाई। इसलिये अब कंपनी के आवेदन पर जल आवंटन दिनांक 8 फरवरी 2016 से 48 माह अर्थात दिनांक 8 फरवरी 2020 से वास्तविक रूप से वाणिज्यिक उत्पादन प्रारंभ करने की तिथि तक आवंटित जल (9.942 मि.घ.मी. वार्षिक) की वार्षिक मात्रा पर देय जलकर एवं उपकर के 5 प्रतिशत के समतुल्य जलकर की राशि जमा करने की शर्त पर कंपनी को कन्हान नदी से जल का उपयोग कर वाणिज्यिक उत्पादन प्रारंभ करने हेतु जनवरी 2024 तक समय वृद्धि प्रदान की गई है।