अक्षय कुमार की आगामी फिल्म 'राम सेतु' अब नए विवाद में फंस गई है। पहले फिल्म के पोस्टर को लेकर विवाद हुआ था और अब फिल्म में गलत तथ्य दिखाए जाने का आरोप लगा है। आरोप भाजपा के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने लगाए हैं।
सुब्रमण्यम स्वामी ने फिल्म के निर्माता और अक्षय कुमार पर न सिर्फ केस करने की बात कही बल्कि अक्षय कुमार की गिरफ्तारी और उन्हें देश से बेदखल करने तक की बात कही है। उनके ट्वीट से फिल्म फिर सुर्ख़ियों में आ गई है।
अक्षय कुमार की आगामी फिल्म 'राम सेतु' को लेकर स्वामी ने ट्वीट किये। उन्होंने पहले ट्वीट में लिखा लिखा, 'मैं अक्षय कुमार और उनकी कर्मा मीडिया के खिलाफ केस दर्ज कराने वाला हूं। उन्होंने फिल्म 'राम सेतु' में तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया है। इससे राम सेतु की छवि को नुकसान पहुंचा है।
The suit for compensation has been finalised by my associate Satya Sabharwal Adv. I am suing Akshay Kumar, actor & Karma Media for damages cause by falsification in portrayal of the Ram Setu issue in their film for release.
— Subramanian Swamy (@Swamy39) July 29, 2022
सुब्रमण्यम स्वामी यहीं नहीं रुके। उन्होंने एक अन्य ट्वीट भी किया। इस ट्वीट में उन्होंने अक्षय कुमार की गिरफ्तारी की मांग तक उठा दी। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा- 'अक्षय कुमार एक विदेशी नागरिक हैं तो हम उन्हें गिरफ्तार करने के साथ देश से बेदखल करने के लिए कह सकते हैं।'
If Actor Akshay Kumar is a foreign citizen then we can ask he be arrested and evicted his adopted country.
— Subramanian Swamy (@Swamy39) July 29, 2022
इससे पहले राम सेतु के पोस्टर पर भी विवाद हुआ था। पोस्टर के रिलीज होने पर अक्षय कुमार सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए थे। पोस्टर में अक्षय एक गुफा में मशाल लिए और जैकलीन टॉर्च पकड़े नज़र आईं थीं। टॉर्च और मशाल एक साथ देखकर पोस्टर की जमकर खिल्ली उड़ी थी।
राम सेतु में अक्षय एक आर्कियोलॉजिस्ट का किरदार निभा रहे हैं। अक्षय के अलावा फिल्म में जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत भरूचा भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। अभी तक जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक़ फिल्म 24 अक्टूबर को रिलीज होगी।