कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव का बुधवार को निधन हो गया। वे लम्बे समय से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। कुछ दिन पहले उनकी हालत में सुधार के बाद वेंटिलेटर से हटा दिया गया था लेकिन  हालत ख़राब होने के बाद उन्हें फिर से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

जानकारी मिली है, कि राजू को ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया था। लेकिन फिर भी जिंदगी की जंग जीतने के लिए राजू ने एक लंबी लड़ाई लड़ी वे पूरे 41 दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। लेकिन अंत में सबको हंसाने वाला रुला गया, राजू श्रीवास्तव ने 58 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली।

एम्स हॉस्पिटल में राजू श्रीवास्तव की हर एक मूवमेंट पर पैनी नजर रखी जा रही थी। इधर इंडस्ट्री में भी राजू के लिए पूजा-पाठ, हवन और दुआओं का दौर जारी था। उनके प्रशंसक, दोस्त और राजू के शुभचिंतक उनके स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहे थे। कॉमेडियन जॉनी लीवर, सुनील पाल लगातार अस्पताल जाकर राजू के प्रशंसकों को उनके स्वास्थ्य के बारे में अपडेट दे रहे थे।

राजू श्रीवास्तव को पिछले महीने दिल का दौरा पड़ने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अचानक हुई इस घटना के बाद कॉमेडियन के स्वास्थ्य को लेकर हर कोई काफी शॉक्ड था। राजू को एक्सरसाइज करते ही बेचैनी महसूस होने लगी थी जिसके बाद राजू को दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।