MP News: मध्य प्रदेश में बेमौसम बारिश ने किसानों पर कहर बरपा रखा है. बारिश के कारण फसल तो ख़राब हुई ही है. साथ ही किसानों को मिलने वाली कीमतों में भी भारी गिरावट आई है. इस बेमौसम बारिश से प्याज की फसल में जलभराव से रंग के साथ फसल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ा है.
इधर, इसलिए कुछ किसान मुफ्त में प्याज बांट रहे हैं तो कुछ किसान नालियों में प्याज फेंकने को मजबूर हैं. एमपी के खंडवा और आसपास के इलाकों में प्याज किसानों की स्थिति दयनीय हो गई है. मंडियों में किसानों को प्याज के रेट 1 से 3 रुपये प्रति किलो ही मिल रहा है.
इससे आक्रोशित किसान आसपास के इलाकों में प्याज सड़क पर फेंक रहे हैं. गौरतलब है कि प्याज की ग्रेडिंग उसके रंग और आकार के आधार पर ही तय की जाती है. एक किसान ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि पहले वह प्याज 15 रुपये किलो में बेचता था. लेकिन, अब मंडी में भाव नहीं मिल रहा है.
हालत यह है कि लागत तो छोड़िये मजदूरी तक नहीं निकल पा रहीं हैं. बेमौसम बारिश के दौरान खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर जिले के प्रभारी मंत्रियों से किसानों की मदद करने को कहा था. लेकिन अफ़सोस सरकार की तरफ से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.