किसान आज सुबह से ही दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से जंतर-मंतर पर बुलाई गई किसान महापंचायत को देखते हुए दिल्ली की सभी सीमाओं पर सुरक्षा के इंतजाम तेज कर दिए गए हैं। आने-जाने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है। इससे दिल्ली के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन गई है। महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए अलग-अलग राज्यों से किसानों का दल दिल्ली पहुंच रहा है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी है। इस बीच किसानों ने जंतर-मंतर पर पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं।

किसानों की गिरफ़्तारी शुरू-

गाजीपुर बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन करने आए किसानों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्हें भी आगे बढ़ने से रोक दिया गया। दिल्ली पुलिस उन्हें बस में ले जा रही है। बस में सवार एक किसान ने कहा कि सरकार किसानों के खिलाफ तानाशाही अपना रही है। ज्यादा से ज्यादा संख्या में किसान गाजीपुर सीमा पर पहुंच रहे हैं।

हम नहीं होंगे शामिल: राकेश टिकैत

इस बीच बीकेयू नेता राकेश टिकैत ने कहा कि उनका धरने का कोई कार्यक्रम नहीं है। उन्होंने कहा, हम जब भी धरने पर आएंगे, पहले सूचना जारी करेंगे। टिकैत के मुताबिक, वह एक किताब का विमोचन करने दिल्ली आ रहे थे। टिकैत ने आगे कहा कि एक पत्रकार ने मुझसे मिलने के लिए कहा तो मैंने कहा चलो जंतर-मंतर पर मिलते हैं, शायद पत्रकार ने समझ होगा कि हम धरने पर बैठने वाले हैं।

बड़ी संख्या में किसान पहुंचे जंतर-मंतर-

इस बीच कई किसान जंतर-मंतर पहुंचने लगे हैं। वहां बड़ी संख्या में किसान पहुंच चुके हैं। जंतर-मंतर पहुंचे किसानों की तस्वीरें सामने आई हैं। किसान महापंचायत के चलते जंतर-मंतर पर पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया गया है। इस बीच खबर है कि जंतर-मंतर पहुंचे किसानों ने दिल्ली पुलिस के बैरिकेड्स हटा दिए हैं। साथ ही कई जगहों से किसानों को भी गिरफ्तार किया गया हैं।