भोपाल: राज्य मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक विकास नरवाल ने समस्त 259 मंडियों के सचिवों एवं सातों संभागों के संभागीय अधिकारियो से वर्चुअल मीटिंग में कहा कि जो किसान अपनी उपज मंडी प्रांगण में विक्रय हेतु नहीं ला पाते हैं, वे अपनी उपजों का कच्ची पर्चियों पर विक्रय न करें बल्कि सौदा पत्रक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी कृषि उपजों को मंडी समितियों के अनुज्ञप्तिधारी व्यापारियों को ही विक्रय करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की मंडी समितियों के प्रांगण एवं मंडी क्षेत्रों में वित्तीय वर्ष 2021-22 में रिकॉर्ड कृषि उपजों की आवक एवं आय दर्ज की गई है।
गतवर्ष माह अप्रैल से मार्च 2021 की तुलना में माह अप्रैल से मार्च 2022 में कुल कृषि उपजों की आवक 387.79 लाख मेट्रिक टन रही है जो कि गत वर्ष की आवक 347.77 लाख मेट्रिक टन की तुलना में 11.51 प्रतिशत अधिक है। आय शीर्ष में वर्ष 2021-22 में रिकॉर्ड 1240.53 करोड़ रूपये की आय अर्जित की गई है जो गत वर्ष 1011.52 करोड़ की तुलना में 22.64 प्रतिशत अधिक है।