पिता बेटी की विदाई पर सबसे ज्यादा भावुक होता हैं लेकिन इंदौर से सामने आई यह कहानी आपको भी भावुक कर देगी. क्योंकि बेटी की विदाई से ठीक 13 दिन पहले पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. जिस दिन पिता की तेरहवीं होना थी, ठीक उसी दिन और उसी मुहूर्त में पिता की आखिरी इच्छा अनुसार बेटी की शादी कर ससुराल विदा किया गया.
शादी के दिन बेटी को पिता की कमी महसूस न हो इसके लिए कन्यादान और रस्मो रिवाज में पिता के दोस्त बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी जिम्मेदारी निभाई. बेटी के हाथ पीले कर धूमधाम से शादी की.
दरअसल, इंदौर वृंदावन होटल के मालिक प्रदीप सिंह रघुवंशी 5 जनवरी को नहीं रहे. सुबह जिम में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया. ठीक 13 दिन बाद घर में बेटी की शादी की शहनाई बजनी थी. वे जिम जाने से पहले पत्नी से कहकर गए थे कि तैयार रहना, आज सबको शादी का निमंत्रण देना है लेकिन शायद किस्मत को ये मंजूर नहीं था.
ऐसे मुश्किल समय में बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दोस्ती का फर्ज निभाया. परिवार वालों को ढांढस बंधाया और उन्हें प्रदीप की इच्छा और तय कार्यक्रम के अनुसार शादी करने के लिए राजी किया. पिता की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए उसी दिन, उसी मुहूर्त में मौत के 13 दिन बाद बेटी की धूमधाम से शादी की गयी और उसे ससुराल विदा किया. बता दें कि प्रदीप सिंह का परिवार उन्हें ताऊ कहकर बुलाता है.