उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक होटल में आग लग गई। शहर के बीचोबीच हजरतगंज स्थित लेवाना होटल में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। जिस वक्त आग लगी उस वक्त होटल के अंदर कई लोग मौजूद थे। उन्हें बाहर निकाला जा रहा है। दमकल और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस की मदद से लोगों को होटल से निकाला जा रहा है। इस घटना में अब तक करीब चार लोगों की मौत हो गई और कुछ लोगों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका है।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन होटल के अंदर से अभी भी धुंआ उठ रहा है। दमकल की टीम कमरे में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रही है। खिड़कियां तोड़कर लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। खबरें हैं कि कुछ लोग घायल भी हुए हैं, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मौके पर दमकल विभाग की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौजूद हैं।

इसके अलावा लखनऊ पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि आग आज सुबह करीब छह बजे लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कमरा धुएं से भर गया, जिससे साँसे लेने में भी दिक्कत होने लगी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम के सामने सबसे बड़ी समस्या लोगों को कमरे से बाहर निकालना है।

आग लगने से होटल के सभी कमरों में धुआं भर गया। इस वजह से फायर ब्रिगेड की टीम होटल की खिड़कियां तोड़कर लोगों को बाहर निकाल रही है। सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन जारी हैं। मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि हमने अब तक कई लोगों को निकाल लिया है और जो लोग फंसे हैं उन्हें निकालने के प्रयास जारी हैं। दम घुटने के बाद कुछ लोगों की तबीयत जरूर खराब हुई है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल दमकल की टीम लोगों को निकालने का प्रयास कर रही है।