झारखंड के धनबाद में एक अस्पताल में आग लगने से डॉक्टर दंपति समेत 6 लोगों की मौत हो गई है। आग शहर के जाने माने हाजरा अस्पताल में लगी। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पाया। सभी की मौत दम घुटने की वजह से हुई है। घटना के कारणों की जांच चल रही है।
जानकारी के अनुसार, हाजरा क्लीनिक और अस्पताल में देर रात करीब 1 बजे आग लगी। आग से डॉ विकास हाजरा और उनकी पत्नी डॉ प्रेमा हाजरा उनकी मेड तारा देवी, डॉक्टर का एक भानजा समेत 6 लोगों की मौत हो गई। अस्पताल परिसर में ही डॉक्टर दंपति का निवास भी था।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुःख व्यक्त किया है
जानकारी के अनुसार आग अस्पताल के स्टोर में लगी और फिर चारों ओर फैल गई। इसके बाद अस्पताल में स्थित उनके आवास पर दूसरे संबंधी के अलावा उनकी मेड और कर्मी भी मौजूद थे, जिनकी इस आग से मौत हुई है। हादसे के दौरान यहां अस्पताल में मौजूद सभी मरीज सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।