मध्यप्रदेश के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज से प्रदेश में लाडली बहना योजना शुरू कर रहे हैं जिसमें क़रीब सवा करोड़ महिलाओं के खाते में हर महीने एक हज़ार रुपये मिलेंगे। लाड़ली बहना योजना के राशि अंतरण का कार्यक्रम जबलपुर में होगा।

प्रदेश में लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पार्टी की सीनियर लीडर उमा भारती का आशीर्वाद भी मिला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उमा भारती से मुलाक़ात की। इस मौके पर उमा भारती ने CM शिवराज को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सबसे पहली लाड़ली बहना तो मैं हूँ। 

वहीं CM शिवराज ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि मेरी बहनों, आज का दिन मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा खुशी का दिन है। मैं आज लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत एक हजार रुपए आपके खाते में डालूंगा। साथ ही सायं 6 बजे जबलपुर में आपसे प्रत्यक्ष रूप से और पूरे प्रदेश में वर्चुअल रूप से आपसे अपने दिल की बात करूंगा। आपकी खुशी, मेरा जीवन है

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इससे पहले कहा था कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, मध्यप्रदेश की एक करोड़ 25 लाख बहनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली महत्वपूर्ण योजना के रूप में उभरी है। यह योजना शोधार्थियों के लिए भी विषय बनेगी। योजना का इंपेक्ट असिस्मेंट करवाया जाएगा। योजना के प्रभाव अध्ययन और अनुसंधान की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होंगे।