भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार शाम मोहाली में खेला जाना है। मुकाबले से पहले मोहाली में सर्दी का सितम देखकर भारतीय खिलाडियों की कंपकंपी भी चर्चा में है। खासकर दक्षिणी राज्यों व गुजरात के खिलाडी परेशान हैं।
अभ्यास सत्र के दौरान सभी खिलाड़यों को ठंड से परेशान देखा गया। बीसीसीआई ने इसका वीडियो शेयर किया है। इसमें अक्षर पटेल ने सपोर्ट स्टाफ के सदस्य से पूछा, भाऊ, देखना कितना डिग्री (तापमान) है?' स्टाफ ने बताया कि 12 डिग्री तो अक्षर ने कहा - लग तो छह डिग्री लग रहा है।
उनके बाद वीडियो में अर्शदीप सिंह ने मजाकिया अंदाज में कहा, ' काफी गर्मी लग रही है। आवेश खान को दिवंगत शायर राहत इंदौरी की याद आ गई। आवेश ने उनके मशहूर शेर, 'अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है, ये सब धुआं है कोई आसमान थोड़ी है' को अपने अंदाज में कहा। आवेश ने कहा, 'ये तो धुआं है, आसमान थोड़ी है।'
इस साल टीम इंडिया का यह पहला टी-20 मुकाबला होगा। भारत के लिए सीरीज टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के लिहाज से अहम है। टूर्नामेंट से पहले भारत की यह आखिरी टी-20 सीरीज है। यह पहली बार है जब दोनों टीमों के बीच बाइलैटरल टी-20 सीरीज खेली जाएगी।
टी-20 फॉर्मेट में भारत और अफगानिस्तान के बीच 5 मैच हुए हैं। 4 भारत ने जीते, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा। ये सभी मुकाबले टी-20 वर्ल्ड कप और एशिया कप में खेले गए। अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान सीरीज़ से पहले ही चोटिल होकर बाहर हो गए हैं।