भोपाल। राजभवन के लिये पांच नई कारें खरीदी जायेंगी। ये वाहन राज्यपाल मंगू भाई पटेल के सचिवालय में काम करने वाले स्टाफकर्मियों के लिये होंगी।
विधानसभा में परित दूसरे पूरक बजट में इन कारों के क्रय का प्रावधान किया गया है, जबकि वित्त विभाग ने नई कारों के क्रय हेतु प्रस्ताव भेजने पर रोक लगाई हुई थी। चूंकि मामला राज्यपाल से जुड़ा है, इसलिये पूरक बजट में इनका प्रावधान करना पड़ा है। एक नई कार तो सीधे 6 लाख 81 हजार रुपये में खरीदी जायेगी जबकि शेष चार कारों के क्रय हेतु 24 लाख 30 हजार रुपयों का बजट प्रावधान किया गया है। ये चार कारें राजभवन में पहले से चल रही कारों की जीवन अवधि खत्म होने के कारण क्रय की जायेंगी।
उल्लेखनीय है कि राजभवन के सचिवालय में संसाधनों पर होने व्यय का प्रावधान राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग में किया जाता है तथा वहीं से राशि को आवंटित किया जाता है। सामान्य प्रशासन विभाग के बजट प्रस्ताव दखने वाले वित्त विभाग के उप सचिव ओपी गुप्ता ने बताया कि पूरक बजट में नई कारें खरीदने के लिये रोक सामान्य स्वरुप की होती हैं तथा इसका यह बिलकुल मतलब नहीं होता है कि कतई नई कारें नहीं खरीदी जायेंगी। वित्त विभाग की सहमति से इनकी खरीदी की जा सकती है।