आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में सोमवार रात ट्रेन की टक्कर से पांच यात्रियों की मौत हो गई। जबकि कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने घटना पर दुख जताया है।

दूसरी तरफ से आ रही ट्रेन ने यात्रियों को कुचल :

यह हादसा आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के बटुवा गांव में सोमवार रात में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस (नं. 12515) ट्रेन में यात्री यात्रा कर रहे थे। तभी अचानक एक डिब्बे से धुआं निकलते देखा गया। ट्रेन रुखने के बाद यात्री ट्रेन से उतरकर ट्रैक पर खड़े हो गए। उसी समय एक अन्य ट्रेन कोणार्क एक्सप्रेस विपरीत दिशा से आई और उन्हें कुचल दिया। जानकारी के अनुसार, ट्रेन भुवनेश्वर से विशाखापत्तनम जा रही थी।

श्रीकाकुलम के पुलिस अधीक्षक जीआर राधिका ने फोन पर कहा, अब तक हमने 5 शवों की पहचान कर ली है। कई लोग इसमें घायल भी हुए हैं। जानकारी जुटाने के लिए रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने जिला अधिकारियों को राहत कार्य शुरू करने और घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश भी दिए।