Indigo Flight Landed In Dhaka: आज सुबह मुंबई से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट को देश से बाहर बांग्लादेश में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. भारतीय विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी जब ढाका एयरपोर्ट के अधिकारियों को मिली तो हड़कंप मच गया.

ख़राब मौसम की वजह से फ्लाइट को जल्दबाजी में लैंड कराया गया. जांच में पता चला हैं कि घने कोहरे के कारण फ्लाइट गुवाहाटी एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी, इसलिए फ्लाइट को असम से 400 किलोमीटर दूर ढाका की ओर मोड़ा गया. बताया जा रहा है कि विमान और सभी यात्री सुरक्षित हैं.

घने कोहरे के कारण फ्लाइट गुवाहाटी में नहीं उतर सकी-

इम्फाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने जा रहे मुंबई युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सूरज सिंह ठाकुर भी उस फ्लाइट में मौजूद थे. उन्होंने एक्स यानी ट्विटर पर एक पोस्ट में लिखा, मैंने मुंबई से गुवाहाटी के लिए इंडिगो 6E की फ्लाइट संख्या 6E-5319 ली थी लेकिन घने कोहरे के कारण फ्लाइट गुवाहाटी में नहीं उतर सकी. इसके बजाय फ्लाइट ढाका में उतरी.

उन्होंने आगे बताया कि विमान में सवार सभी यात्री अपने पासपोर्ट के बिना अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए. मैं अब 9 घंटे से विमान के अंदर फंसा हुआ हूं. मैं भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए मणिपुर (इम्फाल) के लिए रवाना हुआ. देखते हैं मैं कब गुवाहाटी पहुंचता हूं और फिर इंफाल के लिए उड़ान भरूंगा.

इंडिगो एयरलाइंस ने बताई वजह-

इंडिगो एयरलाइंस की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि गुवाहाटी में खराब मौसम के कारण मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 5319 को बांग्लादेश के ढाका की ओर मोड़ दिया गया. परिचालन कारणों से ढाका से गुवाहाटी तक फ्लाइट ऑपरेट करने के लिए दूसरे क्रू मेंबर्स की व्यवस्था की जा रही है. यात्रियों को अपडेट के बारे में सूचित कर दिया गया था और उन्हें फ्लाइट के अंदर सारी सुविधा मौहिया कराई गई है.