भोपाल। प्रदेश के रायसेन जिले में विश्व धरोहर सांची के पास ग्राम मेहगांव में हवाई पट्टी बनाने के लिये विमानन विभाग को करीब 25 एकड़ भूमि मिली परन्तु वह अब तक इस पर विमानतल का निर्माण नहीं कर पाया है। सांची विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी ने अब इस विमानतल को बनाने के लिये मुहीम शुरु की है तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आग्रह किया है कि यह विमानतल बनाया जाये।

डा. चौधरी मूलत: सिंधिया समर्थक हैं, इसलिये अब उन्होंने केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी मिलकर इस हवाई पट्टी का निर्माण शुरु कराये जाने की पहल की है। उल्लेखनीय है कि सांची के ग्राम मेहगांव में दस साल पहले वहां के जिला प्रशासन ने विमानन विभाग को करीब 25 एकड़ भूमि दी थी तथा राजस्व रिकार्ड में भी विमानन विभाग का नाम चढ़ा हुआ है। लेकिन अभी तक इस पर हवाई पट्टी का निर्माण नहीं किया गया है।

इधर विमानन विभाग अपेक्षित बजट न होने के कारण इस हवाई पट्टी का निर्माण नहीं कर पा रहा है। इसलिये मंत्री डा. चौधरी केंद्रीय विमानन मंत्री से इसका निर्माण करवाना चाहते हैं। चूंकि सांची विश्व धरोहर में शामिल है तथा यह देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है, इसलिये इस हवाई पट्टी के निर्माण की मुहीम शुरु की गई है। डा. चौधरी के सिंधिया समर्थक होने से एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इण्डिया भी इसके निर्माण का काम अपने हाथ में ले सकता है। इधर राज्य सरकार नया जेट प्लेन भी क्रय करने जा रही है तथा इसके लिये भी सांची में विमानतल होने की जरुरत महसूस की जा रही है। सीएम भी विमानन विभाग को निर्देश दे चुके हैं कि छोटे जिलों में पहले से बनी हवाई पट्टियों का विस्तार कर उन्हें जेट प्लेन उतरने लायक बनाया जाये।

रायसेन के एक राजस्व अधिकारी ने बताया कि सांची विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेहगांव में विमानन विभाग को करीब 35 एकड़ भूमि दी हुई है जिस पर लम्बे समय से निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। यहां अभी काफी संख्या में पेड़ भी लगे हुये हैं। यह जमीन इतनी है कि इसमें जेट प्लेन भी आसानी से उतर सकेगा।