अमृतसर में धरने के दौरान मारे गए शिवसेना नेता सुधीर सूरी के बेटे माणिक सूरी ने मामले को लेकर एक नया खुलासा किया है। माणिक सूरी का कहना है, कि घटना से एक रात पहले मेरे पिता को यूके से धमकी भरा फोन आया था। फोन करने वाले ने अपना परिचय अमृतपाल सिंह बताया और कहा कि वह कुछ लोगों को भेज रहा है और उसका सौदा हो गया है। ये योजना पहले ही बनाई गई थी, हमले में उन्हें 4 गोलियां लगीं।

वहीं शिवसेना नेता सुधीर सूरी की हत्या के पीछे एक गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लांडा हरिक का हाथ होने की बात भी सामने आई है। गैंगस्टर लांडा हरिके ने FB पर पोस्ट कर कहा- सबकी बारी आएगी! हालांकि पुलिस उपायुक्त (डीसीपी जांच) ने कहा है कि अभी तक हमने इस मामले में लांडा हरिके के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है। हम फेसबुक पोस्ट की पुष्टि कर रहे हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि यह नकली है या असली।

वहीं मौके से पकड़े गए हत्या के आरोपी संदीप सिंह को पंजाब के अमृतसर की एक अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी संदीप सिंह को 7 दिन की पंजाब पुलिस के रिमांड पर भेज दिया है। इस बीच शनिवार को कनाडा के गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लांडा हरिक ने एक FB पर पोस्ट के जरिए सुधीर सूरी की हत्या की जिम्मेदारी ली है।

तरनतारन से कनाडा में बसे गैंगस्टर लखबीर सिंह ने एक पोस्ट में कहा है कि यह तो शुरुआत है। उन्होंने आगे कहा कि जो लोग सिख समुदाय या किसी अन्य धर्म के बारे में बुरा बोलते हैं, उन्हें तैयार रहना चाहिए। सबकी अपनी बारी होगी। यह मत समझो कि सुरक्षा लेने से तुम बच जाओगे। अभी शुरुआती दिन हैं, अधिकार लेना अभी बाकी है। लखबीर सिंह के खिलाफ पंजाब में 20 मुकदमे दर्ज हैं।

आपको बता दें कि हिंदू नेता सुधीर सूरी को पंजाब पुलिस की Y कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई थी। सूरी की सुरक्षा में 15 पुलिसकर्मी और एक पायलट जिप्सी शामिल थी। उनके घर में 5 पुलिसकर्मी रहते थे। हालांकि सुधीर सूरी को दिनदहाड़े 5 बार गोली मारी गई। सुधीर सूरी 2010 में तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई पर बयान दिया था। 

बहरहाल सुधीर सूरी अमृतसर में अपने साथियों के साथ गोपाल मंदिर के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे,  कुछ दिन पहले वहां पास ही में कूड़ से टूटी हुई मूर्तियां मिलीं थी। उन्हीं मूर्तियों के अपमान को लेकर सुधीर सूरी गोपाल मंदिर प्रबंधन का विरोध कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इसी बीच सुधीर सूरी को 5 गोलियां लगीं जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।