मुंबई के खार इलाके से एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दो युवक खुलेआम सबके सामने बीच सड़क पर एक कोरियन यूट्यूबर लड़की से छेड़खानी कर रहे हैं. इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, युवती साउथ कोरिया की रहने वाली है. लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान दो युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की. घटना बुधवार रात 8 बजे की बताई जा रही है.

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो युवक बार-बार उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहे हैं. एक युवक ने तो कोरियन लड़की का हाथ तक पकड़ लिया और उसे किस करने की कोशिश की. इस पर युवती ने उससे सख्ती से दूर रहने को कहा. तभी वह आगे चलने लगती है, दोनों युवक पीछे से स्कूटी पर आते हैं और उसे लिफ्ट देने की कोशिश करते हैं.

घटना के बाद से लड़की काफी डरी हुई है, उसने ट्वीट किया कि बीती रात लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान युवक ने मुझे परेशान किया. मैंने पूरी कोशिश की कि स्थिति को बढ़ने ना दूं और निकल जाऊं, क्योंकि वह अपने दोस्त के साथ आया था. कुछ लोगों ने कहा मैं बहुत अधिक फ्रेंडली थी, इसलिए ऐसा हुआ.

मुंबई पुलिस ने कहा कि मोबिन चांद और मोहम्मद नकीब को लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान एक कोरियाई महिला को परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है. पीड़ित लड़की की ओर से अधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी.