भोपाल: केंद्र सरकार की एक पेड़ मां के नाम योजना के तहत राज्य का वन विभाग प्रदेश के सभी 55 जिलों में कुल 12 लाख पौधे 31 जुलाई के अंत तक लगवाएगा। वृक्षारोण में बरगद, पीपल, नीम, सागौन, आम, जामुन, सिस्सु, आंवला, महुआ पौधे शामिल रहेंगे। इसके लिये वन विभाग के अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णमाल ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिये हैं। इस वृक्षारोपण में पंचायत, उद्यानिकी, नगरीय प्रशासन विभाग भी सहभागी होंगे। 

बर्णमाल ने कलेक्टरों से कहा है कि पौधरोपण की जानकारी वायुदूत एप पर एन्टर की जाए। इस अभियान के तहत जबलपुर जिले में 35 हजार, सतना जिले में भी 20 हजार, छतरपुर जिले में 25 हजार, छिंदवाड़ा जिले में 30 हजार एवं सिंगरौली जिले में 20 हजार एवं पौधे लगाये जायेंगे। 

ये पौधरोपण शासकीय एवं गैर शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों के बंद प्रांगणों में लगाने के लिये कहा गया है जिससे ये पौधे सुरक्षित रह सकें और उन्हें उचित धूप एवं पानी मिल सके। पौध रोपण के बाद इनकी देखभाल करने के निर्देश भी दिये गये हैं।