भोपाल। राजधानी के चौहत्तर बंगला क्षेत्र में वन मुख्यालय का आधुनिक कमाण्ड सेंटर बनेगा। इसके माध्यम से वन मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रमुख, सभी संभागों एवं जिलों के वनाधिकारियों के साथ ऑनलाईन वर्चुअल मीटिंग, मॉनिटरिंग एवं ट्रेनिंग कर सकेंगे तथा ऑनलाईन ही जिलों की गतिविधियां देख सकेंगे।

दरअसल यह कमाण्ड सेंटर पहले से बना हुआ था परन्तु तकनीकी खामियों एवं कमियों की वजह से यह काफी समय से बंद पड़ा हुआ है। अब वन मुख्यालय की आईटी शाखा इसे आधुनिक स्वरुप प्रदान कर रही है। इसके लिये एक हाई डेफिनेशन वीडियोवाल भारत सरकार के जेम पोर्टल से क्रय करने जा रही है। सप्लायरों से बिड जमा करा ली गई हैं।

उक्त कमांड सेंटर के बनने के बाद वन मुख्यालय अपने सभी अधीनस्थ कार्यालयों के अधिकारियों से वर्चुअल मीटिंग कर पायेंगे तथा अपनी गतिविधियों पर प्रभावी रुप से नियंत्रण स्थापित कर सकेंगे। इस कमांड सेंटर में इंटरनेट की तेज गति रहेगी। इस सेंटर में 50 व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इस कमांड सेंटर के माध्यम से मंत्रालय का सिचुएशन रुम भी जुड़ जायेगा तथा मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री एवं अन्य उच्च अधिकारी मंत्रालय से वन मुख्यालय के अधिकारियों एवं अधीनस्थ कार्यालयों के आफसरों से ऑनलाईन जुड़ जायेंगे।

विभागीय अधिकारी ने बताया कि वन मुख्यालय का राजधानी के चौहत्तर बंगला में कमाण्ड सेंटर नये सिरे से तैयार किया जा रहा है तथा यहां नवीन एचडी वीडियो वॉल स्थापित की जा रही है, भविष्य में यह मंत्रालय के सिचुएशन रुम की तरह कार्य करेगा।