भोपाल: वन मंत्री डॉ विजय शाह ने वन्य प्राणियों और जंगलों की सुरक्षा के लिए ड्रोन खरीदने की सुझाव दिए. डॉ शाह बोले कि प्रत्येक वन मंडलों के लिए एक जेसीबी और अग्नि सुरक्षा के उपकरण खास तौर पर ब्लोअर भी खरीदे जाए. जबकि प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में गलत जानकारी देने पर आधा दर्जन डीएफओ की फटकार लगाई. खासतौर पर ग्वालियर, हरदा, अब्दुल्लागंज और खंडवा डीएफओ प्रमुख सचिव के निशाने पर रहे.
माह के अंतिम शुक्रवार को वन मंत्री डॉ विजय शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करते आ रहे हैं. शुक्रवार को भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई. इसमें प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल, वन बल प्रमुख आरके गुप्ता, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी जेएस चौहान, लघु वनोपज संघ के प्रबंध संचालक पुष्कर सिंह, वन विकास निगम के एमडी एके पाटिल और प्रधान मुख्य वन संरक्षक कैंपा सुनील अग्रवाल सहित कई सीनियर अफसर उपस्थित थे. वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए डॉ साहब ने कहा कि प्रत्येक टाइगर रिजर्व में पन्ना नेशनल पार्क की तरह ही ड्रोन स्कॉट बनना चाहिए. वन मंत्री ने पन्ना नेशनल पार्क के ड्रोन मॉनिटरिंग मैनेजमेंट सिस्टम की तारीफ करते हुए नेशनल पार्क के सभी फील्ड डायरेक्टरों को पन्ना सिस्टम को अपनाने की सलाह दी. डॉ शाह ने ड्रोन खरीदने के साथ-साथ प्रत्येक वन मंडल में जेसीबी और अग्नि सुरक्षा के उपकरण खरीदने पर जोर दिया.
प्रमुख सचिव ने लगाई कई अफसरों को फटकार :
वीडियो कांफ्रेंसिंग में उपस्थित प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल ने वाहनों के राजसात, सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतें और लघु वनोपज मुद्दे पर गलत जानकारी देने पर आधा दर्जन डीएफओ की फटकार लगाई. यहां यह भी उल्लेखनीय है कि वाहनों की नीलामी के मसले पर प्रमुख सचिव अपडेट नहीं नजर आए. मतलब देवास में राजसात की गई 55 वाहनों की नीलामी हो चुकी और उसके 23लाख रुपए जमा भी हो चुके हैं. यह जानकारी सीनियर अफसरों ने उन्हें अवगत नहीं कराई. डीएफओ की फटकार की शुरुआत ग्वालियर से शुरू हुई.
ग्वालियर डीएफओ विजेंद्र श्रीवास्तव समय से खरीदी नहीं करने पर फटकार लगी. ग्वालियर डीएफओ ने मटेरियल तब तक नहीं खरीदी जब तक उसके दाम नहीं बढ़ गए. कीमत बढ़ने पर खरीदने की अनुमति मांगी. इस पर प्रमुख सचिव वर्णवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या कीमत बढ़ने का इंतजार कर रहे थे. इससे तो सरकार को हानि पहुंचेगी. लघु वनोपज के मुद्दे पर सिंगरौली और हरदा डीएफओ को फटकार लगी. सिंगरौली डीएफओ बी मधु कुमार ने प्रमुख सचिव को बताया कि महुआ खरीदी के मुद्दे पर दूर अंचल गांव में मुनादी पिटवाई है. उन्होंने मुनादी पिटवाने के लिए जो गांव बताएं उस पर प्रमुख सचिव ने कहा कि यह सभी गांव सड़क के किनारे हैं और आप गुमराह कर रहे हैं. हरदा डीएफओ नरेश दोहरे को भी इसी मुद्दे पर फटकार लगी. वन मंत्री के चहेते अफसर खंडवा डीएफओ को अभी नीलामी के मुद्दे पर पीएस ने नाराजगी जताई.
5 से अधिक लंबित मामले पर करें नोटिस जारी :
वीडियो कांफ्रेंसिंग में वन बल प्रमुख आरके गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन का मुद्दा उठाया. L-4 स्तर की सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की लंबी फेहरिस्त है. मैदानी अमला इन शिकायतों को दूर करने में दिलचस्पी भी नहीं ले रहा है. इस मुद्दे पर पीएस ने सभी सीसीएफ को निर्देशित किया है कि किसी भी वन मंडल में 5 से अधिक शिकायतें लंबित रहती हैं तो उन्हें तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस जारी करे.
कान्हा में नेताम देंगी ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण :
वीडियो कांफ्रेंसिंग में वन मंत्री विजय शाह ने 2018 बैच की महिला आईएफएस ऋषिभा नेताम की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे कान्हा के कर्मचारियों को ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण देगी. यह प्रशिक्षण 15 दिन का होगा. डॉ शाह ने कहा कि उन्हें फोन चलाने का अच्छा अनुभव है.