भोपाल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश शर्मा गुट्टू भैया का निधन हो गया। बुधवार देर रात 2 बजे हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। वे एक शादी समारोह से लौटे थे।
रमेश शर्मा गुट्टू भैया के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष VD शर्मा समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि देते हुए शोक जताया है।
सीएम शिवराज ने लिखा-आदरणीय रमेश शर्मा जी "गुट्टू भैया" छात्र राजनीति के जमाने के वरिष्ठ साथी थे; ऐसे सरल, सहृदय, नेक और आत्मीयता से भरे गुट्टू भैया का चले जाना, मेरी व्यक्तिगत क्षति है। आपका जाना भोपाल के सार्वजनिक जीवन में एक सूनापन छोड़ जायेगा। ईश्वर अपने श्रीचरणों में आपको स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति दें।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष VD शर्मा ने रमेश शर्मा के निधन को भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने लिखा वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक श्री रमेश शर्मा 'गुट्टू भैया' के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकमय परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।
रमेश शर्मा भोपाल उत्तर सीट से जीतने वाली एक मात्र भाजपा विधायक थे। उन्होंने भोपाल उत्तर से कांग्रेस के दिग्गज नेता आरिफ अकील को हराकर चुनाव जीता था। हालाँकि वे अगला चुनाव आरिफ अकील से हार गए थे।