MP Election 2023: मध्यप्रदेश की सियासत में दलबदल और गुटबाजी काफी चरम पर हैं. नेताओं की नाराजगी भी कई मौकों पर खुलकर सामने आ जाती हैं. लेकिन हां चुनावी साल में नेता अब किस ओर पाला बदल लें ये बता पाना शायद किसी अच्छे से अच्छे पंडित के लिए भी संभव नहीं हैं.

ख़ासकर, बीजेपी के लिए तो मुश्किलें बढ़ती ही जा रहीं हैं. क्योंकि सिंधिया समर्थक नेताओं की फिर से कांग्रेस में घर वापसी होने लगी है. इतना ही नहीं कुछ नेता तो ऐसे भी हैं जो बीजेपी में रहते हुए भी ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ ही मोर्चा खोलने लगे हैं.

हाल ही में शाजापुर से बीजेपी नेता और पूर्व विधायक अरुण भीमावद का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. उन्होंने वीडियो में सिंधिया को नामर्द तक कह दिया. जिस पर अब सियासत शुरू हो गई. कांग्रेस ने ये वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट से पोस्ट किया हैं.

क्या है पूरा मामला-

दरअसल, शाजापुर जिले के पोलाय कलां में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अरुण भीमावद ने मंच से सिंधिया को लेकर दिए विवादित बयान पर अब सियासत शुरू हो गई हैं. उन्होंने अपने बयान में कहा, हमारे कार्यकर्ताओं में भी जोश आया, इस सरकार (कमलनाथ सरकार) को गिराना चाहिए. वो ज्योतिरादित्य सिंधिया जो नामर्द जो कांग्रेस का नेता था, उस समय उनको भगवान सद्बुद्धि दे वो कांग्रेस को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में आ जाएं, इससे हमारी भावनाएं भी बढ़ी. 

उन्होंने आगे कहा, ईश्वर ने हमारी बातों को सुना. जनता की आवाज को सुना. कार्यकर्ताओं की आवाज को सुना, तो सिंधिया का भी मन कहीं ना कहीं जो वहां प्रताड़ित था, उन्होंने भी फैसला लिया और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

इस दौरान पूर्व विधायक ने कालापीपल से कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी पर भी जमकर निशाना साधा है. फ़िलहाल, सिंधिया को लेकर उन्होंने जो बयान दिया, वह अब तेजी से वायरल हो रहा हैं. कांग्रेस इसके ज़रिये बीजेपी और सिंधिया पर निशाना साध रही है.